देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने सोमवार से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
रविवार को राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह हल्की धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमस बनी रही। हालांकि शाम के समय हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में गरज-चमक के साथ तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज बौछारें और गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। वहीं हरिद्वार जिले में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।
