हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। चौफुला-कठघरिया मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान रेत के ढेर में दबे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मजदूर जब निर्माण के लिए रेत हटाने लगे तो सबसे पहले रेत के बीच से युवक का सिर और हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय पवन सिंह, निवासी जयपुर बीसा, लालकुआं के रूप में हुई है। वह एक डंपर में हेल्पर का काम करता था। पुलिस के अनुसार पवन रविवार सुबह अपनी ताई के घर से काम पर निकला था और चालक के साथ गोरापड़ाव स्थित क्रशर पहुंचा था।
.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर में रेत भरने से पहले पवन नीचे लगे कट्टों को ठीक कर रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने ऊपर से रेत डाल दी, जिससे वह रेत के नीचे दब गया। चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह डंपर लेकर सीधे चौफुला-कठघरिया मार्ग स्थित निर्माण स्थल पहुंच गया, जहां रेत खाली कर दी गई।
दोपहर बाद जब मजदूरों ने निर्माण कार्य के लिए रेत उठानी शुरू की तो उसमें से पहले सिर और फिर हाथ दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और रेत हटाकर शव बाहर निकाला गया। देर शाम मृतक की ताई ने शव की पहचान पवन सिंह के रूप में की।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। डंपर मालिक, क्रशर संचालक और रेत भरने वाले जेसीबी चालक से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
