Oplus_16908288
नैनीताल : मौसम विभाग ने 30 जुलाई (गुरुवार) के लिए नैनीताल जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा और पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो सकती हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर 24 घंटे बुलडोजर, जेसीबी और गैंग कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने मुख्यालय पर मौजूद रहेंगे और मोबाइल फोन 24 घंटे ऑन रखेंगे। तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 या टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
