नैनीताल मेट्रोपोल क्षेत्र में पर 20 फीट गहरी खाई में गिरी टाटा सफारी
नैनीताल: नगर के मेट्रोपोल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार नीचे गहराई में जाने के बजाय बीच में समतल स्थान पर अटक गई, जिससे चालक की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार DL 6 CM 2568 नंबर की टाटा सफारी मेट्रोपोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को पास देने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पैरापिट तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। चालक ने दूसरी कार को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे नीचे जा गिरा। हालांकि कार अधिक गहराई में नहीं गई और बीच में ही अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के समय कार में चालक और उसका पालतू कुत्ता सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। बताया जा रहा है कि चालक स्थानीय निवासी है और उसका उपचार जारी है। वहीं चालक का पालतू कुत्ता भी सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार बीच में नहीं रुकती तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
