देहरादून में सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत.
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया उनका एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रही हैं, “सॉरी मम्मी… मैं 6 महीने से सह रही हूं… अब और सहा नहीं जाता… शादी के बाद सब कुछ बदल गया… मुझे मनहूस कहा जाता था।”
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मृतका के परिजनों ने उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सृष्टि सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मनहूस कहकर किया जाता था अपमानित
परिजनों के अनुसार, शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया और बाद में उनका निधन हो गया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल वालों ने एक पंडित की बात का हवाला देते हुए सृष्टि को मनहूस कहना शुरू कर दिया और परिवार में हुई हर अनहोनी का जिम्मेदार उसे ठहराया। इसके बाद उसकी प्रताड़ना और बढ़ गई।
सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने बताया कि जब बेटी से लगातार संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने एक परिचित को उसके घर भेजा। वहां से जानकारी मिली कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। परिवार जब श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें समय पर घटना की जानकारी भी नहीं दी।
पति, सास और ननद पर मुकदमा
मृतका की मां ने हर्रावाला पुलिस चौकी (थाना डोईवाला) में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने BNS की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि सृष्टि ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। उनका दावा है कि घटना के तुरंत बाद उन्हें कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
