देहरादून: राजधानी के क्लेमेनटाउन क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नई बस्ती स्थित बरसाती नाले में नहाने गई दो सगी मासूम बहनों की तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने थाना क्लेमेनटाउन को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां बहकर ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं और अपनी मां रीना कुमारी के साथ नई बस्ती में किराये के मकान में रहती थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है। माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के समय पिता किसी काम से बिहार गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने चली गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियों का पता नहीं चलने पर उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान बड़ी बेटी का पैर रैंप के नीचे दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
