नैनीताल माल रोड बनी नो हॉर्न जोन
नैनीताल: शहर की प्रसिद्ध माल रोड पर शुक्रवार 1 अगस्त से हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। जिला प्रशासन के आदेश के बाद अब माल रोड पर अनावश्यक हॉर्न बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और ₹1000 का चालान काटा जाएगा।
नियम लागू होने से पहले प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा था। शनिवार सुबह तल्लीताल और मल्लीताल क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों ने माल रोड की ओर जाने वाले वाहन चालकों को रोककर नो हॉर्न नियम की जानकारी दी और नियमों का पालन करने की अपील की।
माल रोड पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था। शहर के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाकर वाहन चालकों से हॉर्न का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई थी।
अब जागरूकता अभियान पूरा होने के बाद प्रशासन ने नियम को सख्ती से लागू कर दिया है।
प्रशासन के अनुसार माल रोड नैनीताल का सबसे व्यस्त पर्यटन क्षेत्र है। यहां लगातार हॉर्न बजने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए माल रोड को नो हॉर्न जोन घोषित किया गया है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें।
