नई दिल्ली: अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 1 अगस्त से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती कर दी है। नई दरें शनिवार से पूरे देश में लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार राजधानी नई दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हो गया है। इसके बाद इसकी नई कीमत ₹2,728 हो गई है। वहीं कोलकाता में सिलेंडर के दाम 209 रुपये घटकर ₹2,872.50 हो गए हैं।
इससे पहले जुलाई महीने में भी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में करीब 183 रुपये की कटौती की थी। लगातार दूसरे महीने कीमतों में कमी आने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सेवाओं और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
तेल कंपनियों ने 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 13 रुपये की कटौती की है। इसके बाद दिल्ली में इसकी नई खुदरा कीमत ₹808.50 हो गई है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बावजूद 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल नई दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर ₹942, कोलकाता में ₹968, मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 में उपलब्ध है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का उपयोग मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, मिठाई की दुकानों और कैटरिंग व्यवसाय में होता है। ऐसे में कीमतों में आई इस कटौती से इन कारोबारों की संचालन लागत कम होने की संभावना है, जिसका लाभ आगे ग्राहकों तक भी पहुंच सकता है।
