शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: पति और ननद गिरफ्तार
देहरादून: शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस अपने साथ ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसने साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला स्थित लच्छमण एन्क्लेव निवासी सौरभ खत्री के साथ हुआ था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि पति, सास और ननद की प्रताड़ना के चलते उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया, जिसमें सृष्टि कंडारी ने विवाह के बाद ससुराल में कथित रूप से हो रही प्रताड़ना का जिक्र किया है। पुलिस इस वीडियो को भी जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर उसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को हर्रावाला स्थित लच्छमण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। शिकायत में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
