नैनीताल: जिले के भवाली थाना क्षेत्र के सतौली गांव में एक युवतियों से कथित छेड़छाड़ के बाद महिलाओं और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कार सवार पांच युवकों का पीछा किया, जिनमें से दो को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कार में सवार पांच युवकों पर गांव की युवतियों से सरेराह छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों को देखकर युवक भागने लगे, लेकिन दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं ने दोनों आरोपियों का मुंह काला किया और चप्पलों व बिच्छू घास (कंडाली) से उनकी पिटाई की। इस दौरान आरोपियों के कपड़े भी फट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर चौकी ले गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ लोग क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार कर माहौल खराब कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई और बाहरी लोगों के सत्यापन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
भवाली कोतवाली प्रभारी प्रकाश मेहरा ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले हैं और क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम करने आए थे। घटना के समय वे पांच लोगों के साथ कार में सवार थे। पुलिस ने उनकी कार भी कब्जे में ले ली है। वाहन के शीशे पर “शेख मुजाहिद” लिखा हुआ था। पुलिस वाहन और उसमें सवार लोगों के सत्यापन सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है, जबकि फरार तीन अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है।
