देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को राजधानी देहरादून और नैनीताल समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जबकि पर्वतीय इलाकों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा और अलग-अलग जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
