ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग
नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के दौरान फैक्ट्री की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो दमकलकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कंपनी की साइड की दीवार और छत का लोहे का बीम भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे मौके पर मौजूद दमकलकर्मी मलबे में दब गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मलबे की जांच के साथ आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की बाहरी दीवार और लोहे का बीम गिरने से हादसा हुआ। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन दो फायरकर्मियों को बचाया नहीं जा सका।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने के कारणों और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
