हल्द्वानी: डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में कोरोना संक्रमण का नया मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की 76 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट में SARS-CoV-2 (कोविड-19) संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीज को तत्काल आइसोलेशन में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुणा जोशी ने बताया कि संक्रमित महिला रामपुर जिले के कैमरी, बिलासपुर क्षेत्र की निवासी है। फिलहाल मरीज की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है और उसे ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है। एहतियात के तौर पर महिला को अस्पताल के वार्ड-सी में बनाए गए पृथक क्यूबिकल में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी रामपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), सीएमओ नैनीताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और संबंधित कंट्रोल रूम को भेज दी है, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य प्रबंधन और समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित महिला के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
