हरिद्वार में सीएम धामी ने कांवड़ियों का चरण धोकर किया सम्मान
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया। उन्होंने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत से कांवड़ियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया और पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज उठे।

पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री धामी शिवभक्तों के बीच पहुंचे और उनके चरण धोकर सम्मान किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संपन्न होने की कामना करते हुए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इसके बाद होटल अलकनंदा में आयोजित कार्यक्रम में कांवड़ियों के लिए लगाए गए भंडारे का शुभारंभ किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप दिखाई देता है और उनकी सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें शिवभक्तों की सेवा का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष कांवड़ मेले में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अब तक करीब 48 हजार कांवड़ियों का उपचार किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों के सभी कष्ट दूर करते हैं और एक लोटा जल अर्पित करने मात्र से भी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उनके अनुसार कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अनुशासन का भी उत्सव है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, आदि कैलाश यात्रा, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे कई महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास कार्य किए जा रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सांसद पप्पू यादव के हालिया बयान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सनातन परंपरा और संत समाज को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मां गंगा से ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान होटलों और ढाबों में मिलावटी भोजन की रोकथाम के लिए लगातार जांच की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटर एम्बुलेंस सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि मेले के दौरान कुछ अनुशासनहीन घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सभी शिवभक्तों से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं में यदि कहीं कोई कमी रह गई हो तो उसके लिए उन्होंने शिवभक्तों से क्षमा भी मांगी।
