नैनीताल: मानसून सत्र के दौरान शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कोसी निर्माण सिंचाई खंड, रामनगर के अधिशासी अभियंता अजय जॉन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, मानसून सत्र और मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण को देखते हुए सभी अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 5 जुलाई 2026 को अधिशासी अभियंता अजय जॉन बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया। जवाब में अधिशासी अभियंता ने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उनके मौसेरे भाई की पत्नी की तबीयत अत्यधिक खराब होने के कारण उन्हें जाना पड़ा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कृत्य उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन है। उन्होंने शासकीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और दायित्वों के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानसून अवधि के दौरान बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय न छोड़ें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
