हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली को उत्तराखंड में आगामी चुनावों के लिए बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है। पार्टी का दावा है कि यह जनसभा केवल नैनीताल और ऊधमसिंह नगर ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत का संदेश देगी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपने संबोधन में उत्तराखंड से बढ़ते पलायन, खाली होते गांव, बेरोजगारी, महिला अपराध, किसानों की समस्याओं और महंगाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े करेंगे।
पार्टी का मानना है कि कुमाऊं के सबसे बड़े कारोबारी शहर हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा आयोजित करने का उद्देश्य नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में संगठन को और मजबूत करना है। कांग्रेस का कहना है कि यदि तराई-भाबर क्षेत्र में पार्टी मजबूत होती है तो इसका सकारात्मक संदेश पूरे उत्तराखंड में जाएगा।
15 से 20 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जनसभा में प्रदेशभर से 15 से 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी इसे आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है। रैली के जरिए कांग्रेस जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने और सरकार के खिलाफ बढ़ रहे असंतोष को राजनीतिक समर्थन में बदलने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस ने 8 अगस्त को रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि पार्टी का आवेदन पुलिस और यातायात पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है। दोनों विभागों की रिपोर्ट मिलने के बाद अनुमति को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
80 से 100 बसें नैनीताल और 150 से 200 बसें ऊधमसिंह नगर से आएंगी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उनके अनुसार, नैनीताल जिले से 80 से 100 बसें और ऊधमसिंह नगर जिले से 150 से 200 बसें कार्यकर्ताओं को लेकर हल्द्वानी पहुंचेंगी। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह जनसभा उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
