एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 9 और 10 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दोनों दिनों में कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 अगस्त को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर बारिश का दौर बेहद तेज हो सकता है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं टिहरी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में भी भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को मौसम का असर कम होने के बजाय कई इलाकों में और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर बारिश बेहद तीव्र हो सकती है और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
