देहरादून: उत्तराखंड में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने का अनुमान है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पिथौरागढ़ में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़कों पर मलबा और बोल्डर आने से आवाजाही बाधित हो रही है। इससे स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड में मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा बना रहता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।
