भीमताल: ओखलकांडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर कृषि विभाग के उपकरण लेकर जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। कैंटर के खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कैंटर कृषि विभाग के उपकरण लेकर ओखलकांडा क्षेत्र में जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और संबंधित विभाग को दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
ओखलकांडा के समाजसेवी प्रकाश नैनवाल के अनुसार हादसे में कैंटर चालक कमल जोशी की मौत हो गई। वहीं सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता, रोहित कुमार और पंकज बिष्ट घायल हुए हैं।
घायलों में सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी एसटीएच रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसा किस वजह से हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
