हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में नाबालिग बच्चे के साथ दुष्कर्म और मारपीट के मामले में मुखानी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 13 अगस्त को ही आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल (40) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्चे की मां ने शिकायत में आरोप लगाया कि अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास ईंटों के चट्टे के पीछे मोहम्मद आजम ने उसके नाबालिग पुत्र के साथ दुष्कर्म और मारपीट की। शिकायत मिलने के बाद थाना मुखानी में FIR संख्या 126/2026 दर्ज की गई।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से ग्राम कायमगंज, तहसील बिलासपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वर्तमान में वह भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास, थाना मुखानी क्षेत्र में रह रहा था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों के खिलाफ अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

