देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। देहरादून में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पहाड़ी जिलों में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
उत्तराखंड में रुक-रुककर बारिश का दौर लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण कई संपर्क मार्गों पर मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। कई मार्गों पर भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी और नाले भी उफान पर हैं। ऐसे में नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी, नालों और संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संबंधित अधिकारियों और विभागों को एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रहने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

