देहरादून: बुधवार को देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। देहरादून से हरिद्वार जा रही इको वैन आगे चल रहे लोडिंग वाहन से टकरा गई। हादसे में वैन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही इको वैन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय इको वैन में कुल सात लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री हरियाणा के रहने वाले हैं। टक्कर के बाद वैन में आगे बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मृतकों की पहचान और घायलों से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की तस्वीरों में दुर्घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

