नैनीताल: नैनीताल के नजदीकी मल्ला बगड़-पंगोट गांव में 24 वर्षीय युवक की कीटनाशक निगलने के बाद हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में बी.डी. पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मल्ला बगड़ पंगोट निवासी अजय (24) ने बुधवार देर शाम घर में रखी खटमल मारने की दवा निगल ली। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे घर के भीतर बेसुध हालत में देखा। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए नैनीताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
फिलहाल युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मामले में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

