पत्नी की पीट पीटकर हत्या करने वाला पति गिरफ्तार
नैनीताल: जिले के खनस्यूं थाना क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 24 अगस्त को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से पकड़ा। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को थाना खनस्यूं पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा में भीम सिंह पुत्र मानसिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी है। वारदात के बाद आरोपी अपने बच्चों को धमकाकर घर से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना खनस्यूं पुलिस एवं हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम द्वारा क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल एवं श्री रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष खनस्यूं श्री अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश एवं सुरागरसी- पतारसी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 24.08.2026 को अभियुक्त भीम सिंह को वडियाड लूगड़ काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर किया* गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर अभियुक्त जेल भेज दिया गया तथा विवेचना जारी है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शराब के नशे में था तथा पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
गिरफ्तार अभियुक्त
भीम सिंह पुत्र मानसिंह- निवासी ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, जनपद नैनीताल

