हल्द्वानी: हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक युवक को जान से मारने की कथित साजिश का पुलिस ने समय रहते खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक कार से युवक का पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे थे और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और 25 अगस्त को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने एक मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। अराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी।
युवक ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 290/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 351(2)(3) के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी नैनीताल मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सुरागरसी-पतारसी के साथ CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ बावा के खिलाफ थाना गदरपुर में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज हैं।
गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ भी थाना गदरपुर में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वहीं मानव वाट के खिलाफ थाना बाजपुर में वर्ष 2022 का हत्या संबंधी अभियोग और वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा व धमकी से संबंधित मामला दर्ज बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति जतिंद्र सिंह को 24 अगस्त को ही गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। उसे भी न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को भी न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों के साथ आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

