देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए 1 सितंबर तक प्रदेश में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज से अति तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
आज सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से बहुत तेज दौर होने की संभावना है। इन जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन भी उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
29 अगस्त को पर्वतीय जिलों के साथ ऊधम सिंह नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
अगस्त के आखिरी दो दिनों में भी बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
इस दौरान देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
31 अगस्त को भी प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 सितंबर को भी उत्तराखंड में बारिश जारी रहेगी। प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस तरह अगस्त का आखिरी सप्ताह और सितंबर की शुरुआत उत्तराखंड में बारिश के बीच गुजरने वाली है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है।

