भीमताल: गोलूधार क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रांसफार्मर के पास पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना भीमताल पुलिस और ऊर्जा निगम को दी। सूचना मिलते ही एसआई महेंद्र राज पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमर राम (39) पुत्र बच्ची राम, निवासी घूरकूना, पोस्ट ऑफिस अंडोली, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। अमर राम गोलूधार में आकाश कपूर के घर पर कुक का काम करता था।
एसआई महेंद्र राज ने बताया कि युवक का शव बिजली के पोल पर लगे ट्रांसफार्मर के पास पड़ा मिला। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया करंट लगने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी। मामले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
अमर राम के नियोक्ता आकाश कपूर ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे अमर राम ने फोन कर बताया था कि वह बाल कटाने जा रहा है। करीब आधे घंटे बाद जब उन्होंने उसे फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया।
आकाश कपूर के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे गोलूधार क्षेत्र में बिजली भी गुल हो गई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास अमर राम का शव मिलने की सूचना सामने आई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों की स्थिति फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

