देहरादून। जिले में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 8 लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमित मरीजों में दो देहरादून के रहने वाले हैं, जबकि छह अन्य जिलों से संबंधित हैं। इनमें कुछ मरीज निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को एक मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ। राहत की बात यह रही कि इस दिन संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई। हालांकि, लगातार नए मामले सामने आने के कारण स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक H1N1 की जांच के लिए 173 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 67 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कुल संक्रमितों में 43 देहरादून और 24 अन्य जिलों के मरीज शामिल हैं। अब तक 41 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 21 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार H1N1 संक्रमण से अब तक पांच मौत दर्ज की गई हैं। इन मौतों का ऑडिट किया जाना है, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए चिकित्सकों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना और संक्रमण से बचाव के सामान्य उपाय अपनाना जरूरी है। सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
शुक्रवार को कोविड संक्रमण की जांच के लिए भी छह सैंपल लिए गए। राहत की बात यह रही कि इनमें से किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक कोविड के 116 सैंपल में 18 संक्रमित मिले हैं। इनमें 15 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि तीन मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
सीएमओ ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने को कहा है।
H1N1 से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
एच1एन1 और मौसमी फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी के साथ समय पर उपचार लेना जरूरी है।
विशेष रूप से बुजुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोग संक्रमण की स्थिति में अधिक सावधानी बरतें और लक्षण बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

