एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने खासतौर पर पर्वतीय जिलों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अगस्त को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। देहरादून के अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश भी दर्ज की गई।
29 अगस्त को पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, चमोली और नैनीताल में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। वहीं टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।
1 सितंबर को पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। बाकी जिलों में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। लगातार बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रह सकती है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और गाड़-गदेरों के पास नहीं जाने तथा आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर खड़े न होने की सलाह दी गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से कहा गया है कि वे रवाना होने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में येलो अलर्ट की चेतावनी है। कुछ स्थानों, खासकर पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।
उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के तीव्र और अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। इसे देखते हुए लोगों को मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

