हल्द्वानी: रामपुर रोड के टीपीनगर स्थित मानपुर उत्तर निवासी 12वीं के छात्र आदित्य टम्टा (17) का शव रविवार सुबह करीब 9 बजे राजपुरा में गौला नदी के किनारे मिला। वह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे भुजियाघाट के पास बर्थडे पार्टी मनाने के दौरान गधेरे में नहाते समय बह गए थे। शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं आदित्य के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की है।
शनिवार को आदित्य अपने सात रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ भुजियाघाट बर्थडे पार्टी मनाने गया था। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे वह गधेरे में नहाने उतर गया और एक पत्थर पर खड़ा था। तभी अचानक तेज बहाव के साथ पानी बढ़ गया। साथियों ने उसे निकलने के लिए आवाज लगाई लेकिन पानी इतना बढ़ गया कि वह पैदल नहीं निकल सकता था।
जानकारी के अनुसार आदित्य ने एक पत्थर से दूसरे पत्थर पर छलांग लगाई लेकिन पैर फिसलने से बह पानी के साथ बहता चला गया। इसके बाद से एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। रविवार सुबह करीब 9 बजे राजपुरा में उसका शव मिला। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाया और शिनाख्त कराई। आदित्य परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहने हैं। वह 12वीं का छात्र था और परिवार का सबसे लाडला था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं आदित्य के पिता अशोक टम्टा ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।

