देहरादून: हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच और हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पार्टी की प्रदेश प्रभारी और सांसद कुमारी शैलजा भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगी।
कांग्रेस का कहना है कि हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद जिस तरह धार्मिक अनुष्ठान कर कथित शुद्धिकरण किया गया, उससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कांग्रेस लगातार इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है।
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं कुमारी शैलजा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार मनमानी कर रही है और विपक्ष को दबाने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कहीं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की जा रही है तो कहीं शुद्धिकरण जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता दबने वाले नहीं हैं।
उन्होंने हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद प्रदेश का हर समाज जाग गया है। शैलजा ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ भाजपा में बौखलाहट दिखाई दे रही है।
कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पर अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की जाती है, जबकि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जा रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में अग्निवीर योजना, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी शैलजा तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंची हैं। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा और पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक चर्चा करना है।
गोदियाल के अनुसार, शैलजा अपने प्रवास के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे भी प्रस्तावित हैं। हालांकि, मौसम और बारिश की स्थिति को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व के कार्यक्रमों की तारीख बाद में तय की जाएगी।
पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने भी बैठक कर कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि जनता की आवाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई मजबूती से लड़ने की जरूरत है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
दरअसल, हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित शुद्धिकरण किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध जताते हुए धार्मिक अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
कांग्रेस के अनुसार, पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस मामले को राज्यसभा में उठा चुके हैं। अब कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है।

