UKPSC PCS 2026 का भर्ती
देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग इस भर्ती के जरिए प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेगा। इनमें डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक (DSP), जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार इस भर्ती में सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं। वहीं डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
PCS-2026 के तहत जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 और सहायक आयुक्त राज्य कर का 1 पद शामिल है। इसके अलावा सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1 पद भी है।
कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद, विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी का 1 पद और श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद रखा गया है।
संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4 पद, श्रम विभाग में सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर के 2 पद और परिवहन विभाग में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।
इसके अलावा राज्य कर अधिकारी के 5 पद और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के 3 पद पर भी भर्ती की जाएगी।
विज्ञापन में विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किया गया है। अधिकांश उच्च पदों के लिए लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित है। वहीं राज्य कर अधिकारी के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान निर्धारित किया गया है।
कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापन में उत्तराखंड महिला आरक्षण और क्षैतिज आरक्षण से संबंधित पदों का विवरण भी दिया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय आरक्षण से जुड़ी अपनी श्रेणी और उपश्रेणी का सही अंकन करें।
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन पत्र में शैक्षिक योग्यता समेत सभी जरूरी जानकारी सावधानी से भरनी होगी।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या बदलाव करने का अवसर मिलेगा। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद आवेदन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
PCS परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI के जरिए शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजा गया आवेदन या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने से पहले विस्तृत विज्ञापन में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती से जुड़ी शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और अन्य शर्तों की जानकारी अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन में देखकर ही आवेदन करें। PCS परीक्षा-2026 का विस्तृत विज्ञापन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

