हल्द्वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार रात लगातार बैठकों के बाद हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित एक टर्फ ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने जेन जी युवाओं के साथ फुटबॉल खेला और उनसे बातचीत भी की। बैठकों और राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच नितिन नवीन का यह अंदाज युवाओं के बीच चर्चा का विषय रहा।
नितिन नवीन ने इस दौरान टीशर्ट पहनकर युवाओं के साथ फुटबॉल खेला। उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल और जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट भी मौजूद रहे।
हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार को बधाई दी।
उन्होंने महिलाओं को सरकारी सेवाओं में आरक्षण, सहकारी समितियों में भागीदारी, शहीदों के आश्रितों को सहायता और होम-स्टे जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विश्वास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के साथ विभिन्न वर्गों के सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पूर्व सैनिकों, युवाओं तथा पंजाबी और सिख समाज के लोगों के साथ संवाद करेंगे। धामी ने कहा कि नितिन नवीन जब भी उत्तराखंड आते हैं, कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का माहौल बनता है। उनके दो दिवसीय प्रवास से पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।
बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपना पक्ष पहले ही न्यायालय के समक्ष रख चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों ने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए अतिक्रमण को बढ़ावा देने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट रूप से कोर्ट के सामने रखा है।
हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का युवा संवाद, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और वरिष्ठ नेताओं की बैठकों को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एक ओर पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है।

