हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान बूथ से लेकर शक्ति केंद्र तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों को अभी से बूथ स्तर तक ले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है और इसके लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बूथ स्तर तक सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में बूथ और शक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने इन स्तरों पर संगठन की गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही गई, जो संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां तीन बार तक संभाल चुके हैं। पार्टी का मानना है कि अनुभवी पदाधिकारियों के अनुभव का इस्तेमाल संगठन को और मजबूत करने में किया जा सकता है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की।
इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, नए बूथों को मजबूत करने और शक्ति केंद्रों को सक्रिय रखने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। पार्टी ने जमीनी स्तर पर लगातार संपर्क और संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया।
प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
हल्द्वानी में हुई बीजेपी की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी का फोकस अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने पर दिखाई दे रहा है।

