नैनीताल: जम्मू-कश्मीर के जम्मू स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भगवती नगर में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनम चैंपियनशिप में नैनीताल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के 15 सदस्यीय दल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 13 पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
वोविनम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में नैनीताल के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य पदक अपने नाम किए। टीम का नेतृत्व क्लब के अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य और सचिव विनोद कुमार वैद्य के दिशा-निर्देशन में हुआ, जबकि टीम हेड एवं मुख्य कोच विष्णु ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
सीनियर वर्ग के ओवर-18 आयु वर्ग में -50 किलोग्राम भार वर्ग में सागर सिंह अधिकारी और -54 किलोग्राम भार वर्ग में सिद्धार्थ सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। जूनियर वर्ग के 42-46 किलोग्राम भार वर्ग में लक्ष्य अधिकारी और सब-जूनियर अंडर-10 वर्ग के 24-27 किलोग्राम भार वर्ग में मानस डालाकोटी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
सीनियर वर्ग के 54-58 किलोग्राम भार वर्ग में विभोर भट्ट ने रजत पदक जीता। वहीं जूनियर बालिका वर्ग के 48-52 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियंशी टम्टा ने भी रजत पदक अपने नाम किया।
क्लब के सात खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में कांस्य पदक हासिल किए। इनमें सीनियर महिला वर्ग के 48-52 किलोग्राम में भूमिका बनवाल, सीनियर वर्ग के 75-81 किलोग्राम में योगेंद्र, सीनियर महिला वर्ग के 40-44 किलोग्राम में रीता आर्या शामिल हैं।
इसके अलावा जूनियर वर्ग के 52-56 किलोग्राम में विशाखा राजपूत, जूनियर वर्ग के 34-40 किलोग्राम में याचना टम्टा, अंडर-14 वर्ग के 40-44 किलोग्राम में प्रियंशु आर्या और इसी भार वर्ग में अम्बिका ने कांस्य पदक जीता। टीम के सदस्य कामाक्षी रावत और कृतज्ञ धामी ने भी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया।
नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने सिर्फ पदक ही नहीं जीते, बल्कि रेफरी कोर्स में भी सफलता हासिल की। क्लब के विश्वकेतु वैद्य, योगेंद्र, विभोर भट्ट, सागर सिंह अधिकारी, भूमिका बनवाल, रीता आर्या और प्रियंशी टम्टा ने नेशनल रेफरी कोर्स सफलतापूर्वक पास किया। इसके बाद इन सदस्यों ने प्रतियोगिता में आधिकारिक रेफरी के रूप में भी योगदान दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्लब के संरक्षक सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, वोविनम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल, सचिव विनोद लखेड़ा, उत्तराखंड टीम कोच एवं नैनीताल ताइक्वांडो क्लब अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव विनोद कुमार वैद्य, डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, कैंट नैनीताल की सीईओ तनु जाट सहित कई लोगों ने पूरी टीम को बधाई दी।
खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह उपलब्धि क्षेत्र के दूसरे युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

