गाजियाबाद: सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने पति पर लंबे समय से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पत्नी के चरित्र पर शक करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति पान सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अल्मोड़ा निवासी मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी दिसंबर 2012 में पान सिंह से हुई थी। दोनों वर्तमान में पटेलनगर में रह रहे थे।
भाई के मुताबिक, उसकी बहन इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी, जिसका पति विरोध करता था। आरोप है कि पति उसके चरित्र पर भी शक करता था। बहन ने कई बार फोन कर परिवार को इसकी जानकारी दी थी।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पान सिंह अक्सर शराब के नशे में उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और शराब के लिए रुपये मांगता था। रुपये नहीं देने पर डंडे से पीटने का भी आरोप लगाया गया है।
भाई का कहना है कि उसकी बहन ने मारपीट से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य भी परिवार को दिखाए थे। आरोप है कि 9 सितंबर को भी उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद विवाहिता ने घर की छत के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
एसीपी जियाउद्दीन ने बताया कि मामले में विवाहिता के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं पर स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले की जांच जारी है।

