नैनीताल: हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर दोगांव और डोलमार के बीच मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसएसपी के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था संभाली। उन्होंने सड़क से मलबा जल्द हटाकर यातायात बहाल कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर जेसीबी बुलाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।
पुलिसकर्मियों ने मार्ग पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया, ताकि जाम की स्थिति न बने। मलबा हटने के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई।
रास्ता खुलने के बाद हाईवे पर फंसे वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
पुलिस की ओर से लगातार संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी बाधा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

