भवाली: भीमताल-भवाली रोड के समीप गुरुवार को एक पिकअप वाहन ग्रामीण मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर खाई की ओर पलट गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई।
ग्राम प्रधान पति राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह पिकअप से घोड़ाखाल से सामान लेकर सातताल रोड की ओर जा रहे थे। रास्ते की जानकारी के लिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। मैप ने उन्हें मुख्य सड़क के बजाय ग्रामीण मार्ग से जाने का रास्ता दिखाया।
ग्रामीण मार्ग काफी संकरा था। पिकअप को वहां से निकालने के दौरान एक पहिया सड़क से नीचे उतर गया और वाहन असंतुलित होकर खाई की ओर पलट गया। वाहन के पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव करते हुए उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह रास्ता मुख्य रूप से गांव के स्थानीय आवागमन के लिए है और संकरा होने के कारण बड़े या बाहरी वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। ऐसे में डिजिटल नेविगेशन के भरोसे इस तरह के रास्तों पर पहुंचना दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्राम प्रधान पति राजेंद्र कुमार ने बताया कि भविष्य में बाहरी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए ग्रामीण मार्ग पर जल्द ही लोहे के पाइप लगाए जाएंगे। इससे बड़े वाहनों को इस रास्ते पर प्रवेश करने से रोका जा सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालक कई बार गूगल मैप के बताए रास्ते पर पहुंच जाते हैं, लेकिन रास्ते की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं होती। ग्रामीणों ने वाहन चालकों से अपील की है कि अनजान क्षेत्रों में केवल ऑनलाइन मैप पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय लोगों से भी रास्ते की जानकारी ले लें।


