नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 22 सितंबर को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर नैनीताल आएंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी दी है। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मां नयना देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और नंदा देवी महोत्सव में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 22 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे देहरादून से हेलिकॉप्टर के जरिए नैनीताल के सेंट जोसेफ कॉलेज हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह मां नयना देवी मंदिर जाएंगे।
मुख्यमंत्री मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद वहां आयोजित नंदा देवी महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वह श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे और महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। उनके नैनीताल पहुंचने और वापसी को लेकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शाम करीब 5 बजे हेलिकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे। इस तरह उनका नैनीताल दौरा लगभग डेढ़ घंटे का रहेगा।



