नैनीताल: डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर काले झंडे के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने एबीवीपी के प्रत्याशी शुभम कुमार को 482 मतों से हराया। भानु प्रताप को 1355 वोट मिले, जबकि शुभम कुमार को 873 और हिमांशु आर्या को 283 मत प्राप्त हुए। पिछले चुनाव में भी काले झंडे का प्रत्याशी विजयी रहा था।
छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान कॉलेज परिसर में काफी गहमागहमी रही। अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होते ही भानु प्रताप सिंह चौहान की जीत तय हो गई। इस जीत के साथ ही डीएसबी परिसर में पिछले चुनाव की तरह इस बार भी काले झंडे के प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा बरकरार रखा।
छात्रा संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का ने जीत दर्ज की। उन्हें 1614 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी गौरी को 619 मत प्राप्त हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत और विदुषी वर्मा के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। सृष्टि रावत को 1165 और विदुषी वर्मा को 1147 वोट मिले।
डीएसबी परिसर में कुल 5318 छात्र-छात्राएं मतदाता थे, जिनमें से 2535 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव की मतगणना चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या, प्रो. शशि पांडे, प्रो. दीपक कुमार आर्या, डॉ. मनोज बिष्ट और डॉ. शिवांगी चन्याल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
पुलिस प्रशासन की ओर से सीओ अंजना वर्मा नेगी और मल्लीताल थानाध्यक्ष राजेंद्र रावत भी मतगणना के दौरान मौजूद रहे। चुनाव के दौरान कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात रही।
डीएसबी परिसर में छात्रसंघ के कई पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। इनमें सचिव पद पर कमल कार्की, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी शामिल हैं।
इसके अलावा सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी और संकाय प्रतिनिधि पदों पर संध्या कापड़ी, अनिल कुमार तथा दिव्यांशी भी निर्विरोध चुने गए।



