कोटाबाग/नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग ब्लॉक के पाण्डेगांव और तलिया में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण मंडल नैनीताल के महामंत्री ओबीसी मोर्चा गौरव गोस्वामी मुख्य अतिथि और वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्या विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पाण्डेगांव आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता मंजु बोहरा और सहायिका नीलम लोहनी ने महिलाओं और क्षेत्रवासियों को बच्चों व महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम प्रधान प्रभा पाण्डे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, सुपरवाइजर सुनीता और केंद्र के संचालन में सहयोग करने वाली मातृशक्ति को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बच्चों को फल, मिठाई और चॉकलेट वितरित की गई तथा बच्ची गौरी का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इसके बाद तलिया ग्राम सभा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी आंगन मिलन उत्सव आयोजित हुआ। ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश सनवाल ने अतिथियों और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जानकी आर्या और सहायिका दीपा आर्या ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बच्चों को फल, बिस्कुट और चॉकलेट वितरित किए गए तथा केंद्र के संचालन में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
हेम आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों की शिक्षा, पोषण और देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने, मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से बचाने और भारतीय संस्कृति व संस्कारों से जोड़ने की अपील की।
गौरव गोस्वामी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थियों से योजनाओं को लेकर फीडबैक लिया और बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी मांगे।
कार्यक्रम में कोटाबाग कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित लता आर्या को भी शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, समर्पण ध्यान केंद्र के संयोजक दीपेश जोशी ने ध्यान के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान दोनों ग्राम सभाओं के जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा पदाधिकारियों, शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



