खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में बेटी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। खेतलसंडा खाम गांव में दो सगे भाइयों पर युवती के पिता के सिर पर चारपाई की पाटी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का रहने वाला है। परिवार काम के सिलसिले में खटीमा के खेतलसंडा खाम गांव में रह रहा था। आरोप है कि 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे युवती गांव के सरकारी नल से पानी लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के दो सगे भाइयों ने उसके
युवती के अनुसार, उसके पिता ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को डांटा और छेड़छाड़ का विरोध किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर दोनों भाइयों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने चारपाई की लकड़ी की पाटी से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में युवती के पिता के सिर पर गंभीर चोट आई और वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के समय युवती की मां, भाई और चाची भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि दोनों भाइयों ने उनकी बात नहीं मानी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
परिजन घायल व्यक्ति को तत्काल खटीमा के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जा रहे थे, लेकिन सोमवार को सहजनवा के रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है।
कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मामले में खेतलसंडा खाम निवासी संजय और सुभाष के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।



