हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने कई अहम फैसले लिए हैं। जसपुर से टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को मंजूरी दे दी गई है। वहीं, जसपुर की फाटो रेंज में 10 और जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति भी दी गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी संचालन की अनुमति देने पर सहमति बनी है।
गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस के सभागार में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक हुई। इसमें कुमाऊं मंडल में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट जारी करने तथा पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई।
बैठक में प्राधिकरण ने सर्वसम्मति से जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को अनुमति प्रदान की। इस फैसले से दोनों क्षेत्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन सुविधा के विस्तार का रास्ता खुल गया है।
बैठक में विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग से जुड़े प्रस्ताव भी रखे गए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन प्रस्तावों का आवश्यकतानुसार परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को परिवहन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के तहत जसपुर की फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई है। इसके अलावा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी करने पर भी सहमति बनी। इस निर्णय से पर्यटन क्षेत्र में महिला संचालकों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों के संचालन को लेकर वन विभाग से विस्तृत जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित जिप्सियों की संख्या और पर्यटकों की आवाजाही के आधार पर अतिरिक्त जिप्सियों की आवश्यकता का आकलन किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि वन विभाग से पूरा विवरण प्राप्त कर उसका समुचित परीक्षण किया जाए। इसके बाद आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन से संबंधित आगे के निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि परमिट जारी करने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, जिससे आम लोगों, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रस्तावों की जांच कर नियमों के अनुसार समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का भी गहन परीक्षण करने को कहा गया, ताकि जरूरत के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें।
बैठक में निर्धारित मार्ग से अलग या तय रूट के विपरीत वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने और परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा और ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



