हल्द्वानी: महिला की मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना जरूरी दस्तावेज और पंजीकरण के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया।
संयुक्त टीम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ रजत भट्ट, बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र के अलग-अलग क्लीनिकों में पहुंचकर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान टीम ने क्लीनिक संचालकों से पंजीकरण प्रमाण पत्र, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे। लेकिन संबंधित संचालक मौके पर जरूरी कागजात उपलब्ध नहीं करा सके।
नियमों का पालन नहीं मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीन क्लीनिकों को सील कर दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर क्लीनिकों की जांच की गई।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्लीनिक संचालकों के लिए स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकरण कराना और आवश्यक लाइसेंस व दस्तावेज रखना अनिवार्य है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ को प्रशासन गंभीरता से लेगा। तीन क्लीनिक सील किए जाने के बाद क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अन्य क्लीनिकों को लेकर भी प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



