नैनीताल: कैंचीधाम में वीकेंड पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और उससे पैदा होने वाली यातायात एवं पार्किंग की समस्या को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जिला विकास प्राधिकरण सभागार नैनीताल में अधिकारियों के साथ बैठक कर कैंचीधाम की यातायात और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वीकेंड पर बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कर ही कैंचीधाम आएं। उन्होंने वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित करने को कहा गया है।
कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में आयुक्त ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। इसके अलावा मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने के निर्देश भी मंदिर समिति को दिए गए हैं।
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण यहां जाम की स्थिति बनती है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड के दौरान जाम की स्थिति न बनने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है।
मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वीकेंड पर बढ़ने वाले यातायात के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।



