हल्दूचौड़:, कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए जा रहे कानपुर के दो पर्यटकों की चलती कार में बुधवार रात अचानक भीषण आग लग गई। मोटाहल्दू के पास कार से पहले धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार दोनों पर्यटक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर, कानपुर निवासी सुनील कुमार और उमेश सिंह हुंडई कार संख्या UP 78 AD-8677 से कैंची धाम जा रहे थे। दोनों मोटाहल्दू के पास पहुंचे ही थे कि अचानक कार से धुआं निकलने लगा।
कार से धुआं उठता देखकर दोनों पर्यटक घबरा गए। उन्होंने तत्काल कार को सड़क किनारे रोक दिया और बिना समय गंवाए बाहर निकल आए।
दोनों के कार से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी। घटना के चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने पानी आदि की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार को काफी नुकसान हो चुका था।
राहत की बात रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही सुनील कुमार और उमेश सिंह कार से बाहर निकल चुके थे। दोनों पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग किस वजह से लगी, इसकी वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। दोनों पर्यटक कानपुर से कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए निकले थे। हादसे के कारण कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



