नैनीताल: शहर के मालरोड क्षेत्र में बुधवार दोपहर शराब के नशे में धुत दो पर्यटकों ने जमकर हंगामा किया। एक पर्यटक कपड़े उतारकर नैनी झील में नहाने उतर गया, जबकि उसका साथी सड़क पर ही लेट गया। पर्यटकों की इस हरकत से राहगीर असहज हो गए और यातायात भी प्रभावित हुआ।
काफी देर तक लोगों के समझाने और टोकने के बावजूद दोनों पर्यटक नहीं माने तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस कांस्टेबल ने झील में नहा रहे पर्यटक को सख्ती दिखाते हुए बाहर निकलवाया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर मालरोड क्षेत्र में सामान्य रूप से लोगों की आवाजाही हो रही थी। इसी दौरान क्षतिग्रस्त लोअर मालरोड क्षेत्र में दो पर्यटक नशे की हालत में पहुंच गए।
बताया गया कि दोनों में से एक पर्यटक कपड़े उतारकर नहाने के लिए झील में उतर गया। वहीं, दूसरा पर्यटक अपर मालरोड पर सड़क में लेट गया। इससे सड़क पर आवाजाही प्रभावित होने लगी।
राहगीरों ने दोनों पर्यटकों को उनकी हरकत के लिए काफी समझाया और वहां से हटने के लिए कहा, लेकिन दोनों नशे में होने के कारण लोगों की बात मानने को तैयार नहीं थे।
झील में नशे की हालत में उतरने के कारण किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर मल्लीताल पुलिस के कांस्टेबल मनोज जोशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने झील में नहा रहे पर्यटक को सख्ती दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलवाया।
वहीं सड़क पर लेटे दूसरे पर्यटक को भी काफी मशक्कत के बाद सड़क से हटाया गया।
मामले में एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों पर्यटकों ने खुद को हरियाणा निवासी बताया। उन्होंने बताया कि दोनों पर्यटक शराब के नशे में थे। कांस्टेबल द्वारा डांट-फटकार के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
घटना के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन नशे की हालत में झील में उतरने और सड़क पर लेटने की इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर पर्यटकों की सुरक्षा और जिम्मेदार व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए।



