नैनीताल। कालाढूंगी में बाइक और स्कूटी की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12:10 बजे कोटाबाग रोड पर बर पुल के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार 21 वर्षीय मोहम्मद फैज निवासी छोटी हल्द्वानी, कालाढूंगी अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से उसकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि मोहम्मद फैज के चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। इसी दौरान रामनगर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाढूंगी पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने कालाढूंगी पुलिस को मौके पर बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल स्कूटी चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



