नैनीताल: कैंची धाम में दीपावली की रात रविवार को एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने की सूचना मिलते ही कैंची चौकी पुलिस और भवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय व्यापारियों ने भी आग बुझाने में मदद की। आग की लपटें तेज होने पर दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझा दी गई है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



