Oplus_16908288
नैनीताल। नैनीताल की बसासत के 185 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को शहर का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया गया। ताल चैनल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक केक काटे गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हवन, अरदास और विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के साथ हुई। इस दौरान नैनीताल सहित पूरे विश्व के लोगों के स्वस्थ और सुखी रहने की कामना की गई।
विधायक सरिता आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह सहित अन्य लोगों ने केक काटकर शहर का जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों ने भी केक खाया।
ताल चैनल की ओर से 100 स्कूली बच्चों को पानी पीने के लिए स्टील की बोतलें और 140 लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल बांटे गए। कार्यक्रम में बच्चन के गीतों ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
इस मौके पर प्रो. ललित तिवारी, मीनाक्षी कीर्ति और नवीन पांडे ने नैनीताल के इतिहास और इससे जुड़े रोचक प्रसंगों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पी. बैरन ने नैनीताल की खोज की थी। वहीं, संस्कृत विद्यालय के बच्चों ने स्वस्ति वाचन किया।
कार्यक्रम में आवाज के जादूगर हेमंत बिष्ट, इमरान, डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, भुवन बिष्ट, विनीता चौधरी, ज्योति मेहरा, ममता जोशी और हेमंत मर्तोलिया सहित कई लोगों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दया बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, आशा शर्मा, दया कृष्ण पोखरिया, भूपेंद्र बिष्ट, संगीता पंत, सभासद भगवत रावत सहित कई लोग मौजूद रहे।



